मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
थाना रामगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया।
नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद (रामपाल चौधरी)। थाना रामगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया। फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पास से चोरी का सामान और अवैध तमंचा बरामद हुआ है।थाना रामगढ़ पुलिस ने चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए एक वांछित अभियुक्त को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है।
अभियुक्त की पहचान ऋषभ पुत्र राजबहादुर निवासी लहोखर, थाना दिबियापुर, जनपद औरेया के रूप में हुई है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लालपुर मंडी के पास पटेल कारखाने के पीछे एक संदिग्ध व्यक्ति अपने साथियों का इंतजार कर रहा है और किसी वारदात को अंजाम दे सकता है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर अभियुक्त ने अवैध तमंचे से फायर कर दिया।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त ने 5 और 9 जनवरी को रामगढ़ क्षेत्र में अपने चार साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था।
उसके कब्जे से दो बिछुआ, दो तोड़िया, दो अंगूठी, 2400 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और एक लोहे की रॉड बरामद हुई है। अभियुक्त के खिलाफ फिरोजाबाद और औरेया जनपद में करीब एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके अन्य साथियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

