कल्याण सिंह की जयंती पर टूंडला में कंबल वितरण, विचार गोष्ठी आयोजित
तहसील क्षेत्र के गांव मोहम्मदाबाद में भाजपा द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की जन्म जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
नेशनल एक्सप्रेस, विपिन कुमार (जिला ब्यूरो चीफ, फिरोजाबाद)। तहसील क्षेत्र के गांव मोहम्मदाबाद में भाजपा द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की जन्म जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कंबल वितरण के साथ विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें उनके जीवन और योगदान को याद किया गया। गांव मोहम्मदाबाद में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल श्रद्धेय कल्याण सिंह की जन्म जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह एवं विधायक प्रेमपाल धनगर सहित पार्टी पदाधिकारियों ने जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए।कार्यक्रम की अध्यक्षता नेत्रपाल सिंह ने की, जबकि संचालन भाजपा एससी मोर्चा बृजक्षेत्र के सहप्रभारी रामतीर्थ सिंह चक द्वारा किया गया। इस अवसर पर एक विचार गोष्ठी भी आयोजित की गई, जिसमें वक्ताओं ने कल्याण सिंह के राजनीतिक जीवन, राष्ट्रहित और समाजसेवा में दिए गए योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने कहा कि कल्याण सिंह ने अपने कार्यकाल में जनहित को सर्वोपरि रखा और सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि बाबूजी सरल व्यक्तित्व के धनी थे और उनके विचार आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कार्यक्रम में पूर्व सांसद प्रतिनिधि लोकेंद्र सिंह पोनियां, उदय प्रताप सिंह वर्मा, राजीव राजपूत, सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता व ग्रामीण उपस्थित रहे।

