आकाशीय बिजली से किसान की दो भैंसों की मौत, परिवार में मातम
मंगलवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने से विकासखंड नारखी के गांव गौंछ में किसान-मजदूर किशनस्वरूप की दो भैंसें मरी पड़ी मिलीं।
फिरोजाबाद। मंगलवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने से विकासखंड नारखी के गांव गौंछ में किसान-मजदूर किशनस्वरूप की दो भैंसें मरी पड़ी मिलीं। घटना के समय ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। किशनस्वरूप ने बताया कि मेहनत करके परिवार का पालन-पोषण कर रहा था, अब बच्चों के लिए दूध भी नहीं बचा।
बारिश और आंधी से किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें
किसानों ने बताया कि इस समय धान की फसल पक चुकी है और मिर्च की फसल पहले से प्रभावित है। लगातार बारिश और खराब मौसम से फसल को गंभीर नुकसान होने की आशंका है। किसानों का कहना है कि मिर्च की फसल में बैक्टीरिया स्पॉट और पत्तों के गिरने जैसी बीमारियां फैलने का खतरा है।
पीड़ित किसान ने मदद की गुहार लगाई
किशनस्वरूप ने कहा कि प्राकृतिक आपदा ने उनके परिवार का जीवन प्रभावित कर दिया है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से आर्थिक सहायता व राहत प्रदान करने की गुहार लगाई। ग्रामीण भी किसानों की फसल और पशुओं की हानि को लेकर चिंतित हैं।

