पुलिस की भूमिका केवल कानून का पालन कराना ही नही,बल्कि जनता के साथ विश्वास और संवाद स्थापित करना : सीओ
थाना भोजपुर प्रांगण में प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट आरक्षियों को थाने की कार्यप्रणाली का विस्तारपूर्वक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
नेशनल एक्सप्रेस, मुरादाबाद (फहीम अंसारी)। थाना भोजपुर प्रांगण में प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट आरक्षियों को थाने की कार्यप्रणाली का विस्तारपूर्वक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य रिक्रूट आरक्षियों को मैदानी पुलिसिंग के लिए तैयार करना तथा उन्हें थाने की कार्यप्रणाली, कर्तव्यों और जिम्मेदारियों से प्रत्यक्ष रूप से अवगत कराना रहा।

प्रशिक्षण के दौरान रिक्रूट आरक्षियों को एफआईआर पंजीकरण प्रक्रिया, सीसीटीएनएस प्रणाली, अपराध पंजीकरण एवं विवेचना की प्रारंभिक कार्यवाही, जनसुनवाई की प्रक्रिया, डायरी लेखन, मालखाना प्रबंधन तथा बीट पुलिसिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों की व्यवहारिक जानकारी दी गई। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण और संवेदनशील मामलों में सतर्कता बरतने के तरीकों पर भी विस्तार से समझाया गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह तथा थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार उपस्थित में रिक्रूट आरक्षियों को बताया कि पुलिस की भूमिका केवल कानून का पालन कराना ही नहीं, बल्कि जनता के साथ विश्वास और संवाद स्थापित करना भी है। विशेष रूप से महिला, बाल अपराध, वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, त्वरित कार्रवाई और मानवीय दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया गया।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान रिक्रूट आरक्षियों को थाने में उपलब्ध तकनीकी संसाधनों, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, डिजिटल रिकॉर्ड प्रबंधन तथा शिकायत निस्तारण प्रणाली की जानकारी भी दी गई। कहा कि आधुनिक तकनीक का सही उपयोग पुलिसिंग को पारदर्शी और प्रभावी बनाता है। कार्यक्रम के अंत में रिक्रूट आरक्षियों को अनुशासन, ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई गई।

