मोहाली के विद्यालयों को बम विस्फोट की धमकी वाले ईमेल मिले, फोर्टिस अस्पताल का भी जिक्र
पंजाब में मोहाली के कुछ निजी विद्यालयों को मंगलवार को बम विस्फोट की धमकी वाले ईमेल मिले जिनमें फोर्टिस अस्पताल का भी जिक्र किया गया है।
चंडीगढ़, भाषा। पंजाब में मोहाली के कुछ निजी विद्यालयों को मंगलवार को बम विस्फोट की धमकी वाले ईमेल मिले जिनमें फोर्टिस अस्पताल का भी जिक्र किया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि अस्पताल में गैर-जरूरी सेवाएं रोक दी गईं लेकिन तलाशी के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया।मोहाली शहर के पुलिस अधीक्षक दिलप्रीत सिंह ने कहा कि ईमेल में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का भी जिक्र था।
सिंह ने मोहाली में पत्रकारों से कहा, ‘‘विद्यालयों को दी गई बम विस्फोट की धमकी में मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल का भी जिक्र है जहां हमने जांच की। गैर जरूरी सेवाएं रोक दी गईं लेकिन जरूरी सेवाएं जारी रहीं।’’उन्होंने कहा कि पुलिस ने अस्पताल और विद्यालयों में गहन जांच की लेकिन किसी भी स्थान पर कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया।
मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में मुख्यमंत्री भगवंत मान के भर्ती होने के मद्देनजर अस्पताल के भीतर और आसपास सुरक्षा पहले ही कड़ी थी। मुख्यमंत्री मान को अस्पताल से छुट्टी मिलने के कुछ ही घंटों बाद सोमवार शाम दोबारा भर्ती कराया गया।सूत्रों ने बताया कि मान को थकावट महसूस होने पर फिर से भर्ती कराया गया।
बुधवार को भी मोहाली के 16 निजी विद्यालयों को बम विस्फोट की धमकी वाले ईमेल मिले थे जिसके बाद वहां से लोगों को बाहर निकाला गया था और पुलिस ने परिसरों की गहन तलाशी ली थी।हालांकि, किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।दिलप्रीत सिंह ने बताया कि मंगलवार को ईमेल एक ही ‘ईमेल एड्रेस’ से भेजा गया था।
उन्होंने कहा, ‘‘पिछली बार (बुधवार को) धमकी मिलने के बाद तकनीकी जांच के दौरान हमने पाया कि ‘आईपी एड्रेस’ अमेरिका का था और ‘रिकवरी ईमेल लिंक’ बांग्लादेश का था। आज भी वही तरीका अपनाया गया और उसी आईपी एड्रेस एवं उसी ईमेल एड्रेस का इस्तेमाल किया गया।’’पुलिस ने कहा कि विद्यालयों में फिलहाल बोर्ड और अन्य अंतिम परीक्षाएं आयोजित की जा रही है इसलिए पूरी सावधानी बरती गई ताकि लोग घबनाएं नहीं।
दिलप्रीत ने कहा, ‘‘हम अभिभावकों को आश्वस्त करना चाहते हैं कि घबराने की कोई बात नहीं है और सभी गतिविधियां सामान्य रूप से जारी हैं।’’इससे पहले चंडीगढ़, अमृतसर, जालंधर, पटियाला और हरियाणा के विद्यालयों को भी इसी प्रकार की धमकियां मिली थीं। हालांकि ये सभी धमकियां फर्जी निकलीं।

