फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज में बदहाल स्वास्थ्य सेवाएं, घंटों लाइन में लगने को मजबूर मरीज
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की उम्मीदों के साथ फिरोजाबाद में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की गई थी, ताकि शहरवासियों को इलाज के लिए आगरा न जाना पड़े।
नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की उम्मीदों के साथ फिरोजाबाद में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की गई थी, ताकि शहरवासियों को इलाज के लिए आगरा न जाना पड़े। लेकिन मेडिकल कॉलेज बनने के बाद भी हालात सुधरने के बजाय और बिगड़ते नजर आ रहे हैं। लगातार बढ़ रही मरीजों की संख्या के सामने यहां की व्यवस्थाएं पूरी तरह फेल होती दिखाई दे रही हैं।

डॉक्टरों की भारी कमी और अव्यवस्थित व्यवस्था के चलते मरीजों को इलाज के लिए घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है।सुबह से ही ओपीडी में लंबी कतारें लग जाती हैं। नैशनल एक्सप्रेस की टीम जब ओपीडी पहुंची तो वहां मौजूद मरीजों ने खुलकर अपनी पीड़ा बताई। लाइन में खड़े मरीज राकेश ने बताया कि मेडिकल कॉलेज बनने के बाद भी स्वास्थ्य सेवाओं में कोई खास सुधार नहीं हुआ है।
डॉक्टरों की संख्या बेहद कम है, जिस कारण एक डॉक्टर पर दर्जनों मरीजों का भार है। यदि डॉक्टरों की संख्या बढ़ाई जाए तो मरीजों को समय पर और बेहतर इलाज मिल सकता है। इसी तरह मरीज जितेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि वह सुबह से दवा के इंतजार में खड़े हैं, लेकिन भारी भीड़ के कारण दवा मिलने में देरी हो रही है।
महिला मरीज मंजू देवी ने बताया कि काफी देर से लाइन में लगी हैं, लेकिन अभी तक दवा नहीं मिल पाई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल केवल तीन कमरों में डॉक्टर मरीजों को देख रहे हैं, अगर और डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई जाए तो व्यवस्था सुधर सकती है।

