राइजिंग महिला एशिया कप: वृंदा और स्पिनरों की बदौलत भारत ‘ए’ ने पाकिस्तान को आठ विकेट से हराया

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

कप्तान राधा यादव की शानदार स्पिन गेंदबाजी के बाद दिनेश वृंदा के तूफानी नाबाद अर्धशतक की बदौलत भारत ‘ए’ ने रविवार को महिला ‘एशिया कप राइजिंग स्टार्स’ में पाकिस्तान ‘ए’ को 59 गेंद शेष रहते आठ विकेट से करारी शिकस्त दी।

बैंकॉक, भाषा। कप्तान राधा यादव की शानदार स्पिन गेंदबाजी के बाद दिनेश वृंदा के तूफानी नाबाद अर्धशतक की बदौलत भारत ‘ए’ ने रविवार को महिला ‘एशिया कप राइजिंग स्टार्स’ में पाकिस्तान ‘ए’ को 59 गेंद शेष रहते आठ विकेट से करारी शिकस्त दी।  भारत ‘ए’ महिला टीम की यह टूर्नामेंट में पहली जीत है। टीम को शुक्रवार को पहले मैच में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) महिला टीम से सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। पाकिस्तान ‘ए’ पर जीत के साथ भारत ‘ए’ महिला टीम ग्रुप ए में यूएई के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।

भारत ‘ए’ के स्पिनरों ने अपनी सटीक गेंदबाजी से आपस में पांच विकेट साझा कर पाकिस्तान को दबाव में डाल दिया । पाकिस्तान की टीम 18.5 ओवर में महज 93 रन पर आउट हो गयी। राधा (तीन ओवर में  11 रन पर दो विकेट) ने दो महत्वपूर्ण विकेट लेकर आक्रमण की अगुवाई की, वहीं प्रेमा रावत (तीन ओवर में 16 रन पर दो विकेट) और मिन्नू मणि (2.5 ओवर में 10 रन पर एक विकेट) ने सुनिश्चित किया कि पाकिस्तान के बल्लेबाज कोई साझेदारी नहीं बना सकें।

तेज गेंदबाज साइमा ठाकोर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अपने चार ओवरों में सिर्फ 14 रन देकर दो विकेट लिए। जीत के लिए 94 रनों के मामूली लक्ष्य का पीछा करते हुए हुमैरा काजी के पहली ही गेंद पर आउट होने से भारत को शुरुआती झटका लगा लेकिन वृंदा ने शानदार जवाबी हमले से मैच का रुख पलट दिया।

उन्होंने 29 गेंदों में 12 चौके लगाए और नाबाद 55 रन बनाकर मैच को पाकिस्तान की पकड़ से दूर कर दिया। वृंदा को अनुष्का शर्मा का अच्छा साथ मिला। अनुष्का ने 26 गेंद में 24 रन की संयमित पारी खेलने के साथ दूसरे विकेट के लिए 78 रन की साझेदारी की। अनुष्का के आउट होने के बाद, तेजल हसबनीस ने पांच गेंदों में एक छक्का और एक चौके की मदद से नाबाद 12 रन बनाकर टीम को महज 10.1 ओवर में जीत दिला दी।

Read More मोरक्को में मार्टा तूफान के कारण आई भीषण बाढ़ से चार की मौत