भारतीय किसान यूनियन (किसान) की समीक्षा बैठक सम्पन्न
भारतीय किसान यूनियन (किसान) की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक शुक्रवार को कस्बा फरिहा में संगठन की राष्ट्रीय प्रवक्ता कंचन जैन के निवास स्थान पर आयोजित की गई।
नेशनल एक्सप्रेस, जसराना। भारतीय किसान यूनियन (किसान) की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक शुक्रवार को कस्बा फरिहा में संगठन की राष्ट्रीय प्रवक्ता कंचन जैन के निवास स्थान पर आयोजित की गई।बैठक की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन ठाकुर ने की। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे और अपनी-अपनी समस्याएं संगठन के समक्ष रखीं।
बैठक में प्रमुख रूप से कस्बा फरिहा से रोडवेज बसों का नियमित संचालन न होना, सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों की अनुपस्थिति, जंगली जानवरों से किसानों को हो रहे नुकसान, यातायात व परिवहन सुविधाओं की कमी जैसे गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि रोडवेज बस सेवा बंद रहने के कारण छात्रों, किसानों, मजदूरों एवं मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस अवसर पर स्थानीय निवासी डॉ. प्रभंजन जैन ने जंगली जानवरों से निजात दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की, वहीं जैनकुमार जैन ने क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट व्यवस्था को मजबूत करने एवं रोडवेज बसों के सफल और स्थायी संचालन की आवश्यकता पर जोर दिया। बैठक में मौजूद जनता ने एक स्वर में रोडवेज बस सेवा शीघ्र शुरू कराने की मांग की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन ठाकुर ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कहा कि भारतीय किसान यूनियन (किसान) शीघ्र ही परिवहन विभाग के मंत्री से मुलाकात कर रोडवेज बसों के संचालन को लेकर वार्ता करेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि मंत्री स्तर पर बातचीत के बाद भी 15 दिनों के भीतर रोडवेज बसों का संचालन शुरू नहीं किया गया, तो संगठन द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इसके साथ ही उन्होंने सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों की अनुपस्थिति पर कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर सरकारी अस्पताल में डॉक्टर नियमित रूप से नहीं बैठे तो संगठन द्वारा सरकारी अस्पताल में तालाबंदी की जाएगी। वहीं उन्होंने कहा कि किसानों और आम जनता के स्वास्थ्य के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक में राष्ट्रीय प्रवक्ता कंचन जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश महोर, जिला अध्यक्ष जितेन्द्र पाल सिंह, मंडल उपाध्यक्ष पवन शर्मा, उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह भदौरिया, बाबू सिंह महावर, जिला महासचिव अजय जाट, सोमदत्त त्रिवेदी, ब्लॉक अध्यक्ष प्रवीण त्यागी, दीपक चौहान, गवेंद्र पाल सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

