काउंसलिंग से सुलझा घरेलू विवाद, पति ने दिया सुधरने का आश्वासन
काउंसलिंग के बाद दोनों पक्षों ने लिखित रूप से सहमति व्यक्त की कि वे किसी भी प्रकार की पुलिस कार्रवाई नहीं चाहते और आपसी समझौते से मामला समाप्त करना चाहते हैं।
नेशनल एक्सप्रेस ब्यूरो, हाथरस। महिला थाना हाथरस में घरेलू विवाद के एक मामले में काउंसलिंग के माध्यम से सौहार्दपूर्ण समाधान निकल आया। बालाजी धाम कॉलोनी सासनी निवासी शिवानी सेंगर ने तीन दिसंबर को पति व ससुरालीजनों के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और अभद्र व्यवहार की शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत पर महिला थाना प्रभारी रितु तोमर ने दोनों पक्षों को बुलाकर विस्तृत बातचीत की। काउंसलिंग में महिला ने लगातार गाली-गलौज और मारपीट का आरोप दोहराया। इस पर उसके पति से कड़ी बातचीत की गई। पति ने भविष्य में किसी भी प्रकार का अभद्र व्यवहार न करने, गाली-गलौज और मारपीट से दूर रहने तथा वैवाहिक जीवन को सम्मान के साथ निभाने का आश्वासन दिया।
काउंसलिंग के बाद दोनों पक्षों ने लिखित रूप से सहमति व्यक्त की कि वे किसी भी प्रकार की पुलिस कार्रवाई नहीं चाहते और आपसी समझौते से मामला समाप्त करना चाहते हैं। महिला थाना प्रभारी रितु तोमर ने बताया गया कि घरेलू विवादों में काउंसलिंग परिवार को टूटने से बचाने और शांतिपूर्ण वातावरण स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस प्रकरण में भी काउंसलिंग से सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए।

