कांच–चूड़ी उद्योग में बढ़ते श्रम शोषण पर भारतीय मजदूर संघ गंभीर

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

भारतीय मजदूर संघ के जिला कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में जिला मंत्री रमाकांत यादव ने कांच एवं चूड़ी उद्योग से जुड़ी फैक्ट्रियों में बढ़ते श्रम शोषण पर कड़ी चिंता जताई।

नेशनल एक्सप्रेस, फिरोज़ाबाद। भारतीय मजदूर संघ के जिला कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में जिला मंत्री रमाकांत यादव ने कांच एवं चूड़ी उद्योग से जुड़ी फैक्ट्रियों में बढ़ते श्रम शोषण पर कड़ी चिंता जताई। उन्होंने बताया कि संघ को हाल ही में कई शिकायतें प्राप्त हुई हैं कि कुछ फैक्ट्रियों में मजदूरों से सरकार द्वारा निर्धारित 8 घंटे की कार्यावधि से अधिक काम कराया जा रहा है, जो फैक्ट्री अधिनियम, 1948 का स्पष्ट उल्लंघन है।

मंत्री यादव ने कहा कि कानून के अनुसार प्रतिदिन 8 घंटे से अधिक काम कराना गैरकानूनी है। ओवरटाइम केवल तय सीमा और उचित भुगतान के साथ ही कराया जा सकता है। नियम तोड़ने पर फैक्ट्री मालिक या जिम्मेदार अधिकारी पर कार्रवाई अनिवार्य है।उन्होंने बताया कि फिरोज़ाबाद के कांच एवं चूड़ी उद्योग से लगभग 5 लाख मजदूर प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हुए हैं।

यदि श्रम कानूनों का पालन नहीं हुआ तो मजदूरों का शोषण बढ़ेगा, मजदूरी घटेगी और बड़े पैमाने पर पलायन की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जिससे शहर की शांति और उद्योग दोनों प्रभावित होंगे।मंत्री ने कहा कि कुछ फैक्ट्री मालिक लालच में आकर मशीनें तय समय से अधिक चलाते हैं, जिससे मजदूरों का शोषण होने के साथ-साथ उद्योग में अत्यधिक उत्पादन के कारण बाजार की खपत पर भी विपरीत असर पड़ता है और व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि यदि फैक्ट्रियां 8 घंटे की निर्धारित अवधि में संचालित होंगी तो रोजगार सुरक्षित रहेगा, मजदूरों की नियमित मजदूरी सुनिश्चित होगी, बेरोजगारी नहीं बढ़ेगी और उद्योग की प्रतिष्ठा बनी रहेगी। मंत्री ने चेतावनी दी कि श्रम कानूनों का उल्लंघन पाए जाने पर भारतीय मजदूर संघ संबंधित विभागों के सहयोग से कठोर कार्रवाई करवाएगा। उन्होंने उद्योगपतियों से अपील की कि वे शासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करें ताकि मजदूर खुशहाल रहें और शहर की अर्थव्यवस्था मजबूत बनी रहे।

Read More ईदगाह के सामने सट्टा खेलता सटोरिया गिरफ्तार, डायरी-पैन और नगदी बरामद

संबंधित समाचार