मुठभेड़ में लूट का आरोपी गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

नारखी थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ में लूट का आरोपी सौरभ सिंह घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।

नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद। नारखी थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ में लूट का आरोपी सौरभ सिंह घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नारखी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मोटरसाइकिल लूट की घटना में वांछित आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि लूट की घटना में शामिल संदिग्ध युवक बैंदी की पुलिया की ओर बाइक से आ रहा है। सूचना पर एसओजी और थाना नारखी पुलिस ने मौके पर चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम सौरभ सिंह पुत्र उदल सिंह निवासी नगऊ थाना टूंडला जनपद फिरोजाबाद बताया।

पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल (यूपी 83 बीसी 6554), एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

Read More आस्था की साइकिल यात्रा: पाढ़म से पूर्णागिरी धाम के लिए श्रद्धालु रवाना

पुलिस के अनुसार आरोपी ने 24 फरवरी 2026 को कपावली चौराहे पर मोटरसाइकिल लूट की घटना को अंजाम दिया था। इस संबंध में थाना नारखी में मुकदमा दर्ज था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई थीं। अब गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Read More अमेरिका ने जिस युद्धपोत को निशाना बनाया, उसपर कोई हथियार नहीं था: ईरानी अधिकारी

संबंधित समाचार