संविधान दिवस पर पुलिस ने लिया निष्ठा का संकल्प, एसएसपी ने दिलाई शपथ

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

संविधान दिवस के अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद सौरभ दीक्षित द्वारा पुलिस कार्यालय पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा, समर्पण और कर्तव्यपालन की शपथ दिलाई गई।

नेशनल एक्सप्रेस ब्यूरो, फिरोजाबाद। संविधान दिवस के अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद सौरभ दीक्षित द्वारा पुलिस कार्यालय पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा, समर्पण और कर्तव्यपालन की शपथ दिलाई गई। एसएसपी ने संविधान की गरिमा और उसके मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाने पर जोर देते हुए कहा कि पुलिस कर्मियों की पहली जिम्मेदारी संविधान की रक्षा और आम जनता के अधिकारों की सुरक्षा है।

कार्यक्रम के दौरान संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया तथा संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांतों को दैनिक कार्यप्रणाली में आत्मसात करने का आह्वान किया गया। उपस्थित अधिकारियों को जनता के साथ व्यवहार में संवैधानिक मर्यादा बनाए रखने और विधि के शासन को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी सिरसागंज, तथा जनपद के कई अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

साथ ही सभी क्षेत्राधिकारियों ने अपने-अपने कार्यालयों एवं समस्त थाना प्रभारियों ने थाना परिसरों में संविधान दिवस पर शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित कर पुलिसकर्मियों को शपथ दिलाई। कार्यक्रम के माध्यम से फिरोजाबाद पुलिस ने संविधान के प्रति अपनी निष्ठा, प्रतिबद्धता और सेवा भावना को एक बार फिर सुदृढ़ किया।

संबंधित समाचार