कोलकाता पुलिस शराब पीकर गाड़ी चलाने पर रोक के लिए अत्याधुनिक ‘ब्रेथ एनालाइजर’ का इस्तेमाल करेगी

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

त्योहारों के मौसम में शराब पीकर गाड़ी चलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कोलकाता पुलिस शहर भर में 50 अत्याधुनिक ‘ब्रेथ एनालाइजर’ का इस्तेमाल करेगी।

कोलकाता, भाषा। त्योहारों के मौसम में शराब पीकर गाड़ी चलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कोलकाता पुलिस शहर भर में 50 अत्याधुनिक ‘ब्रेथ एनालाइजर’ का इस्तेमाल करेगी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। सड़क पर जांच को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से इन उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है।

‘ब्रेथ एनालाइजर’ (सांस का परीक्षण करने वाले यंत्र) का इस्तेमाल किसी व्यक्ति के शरीर में शराब की मात्रा मापने के लिए किया जाता है। इनका उपयोग खासकर गाड़ी चलाने या कानून प्रवर्तन के मामलों में होता है। यह कदम दिवाली से ठीक पहले उठाया गया है, जब काली पूजा, क्रिसमस और नववर्ष जैसे प्रमुख त्योहार भी आने वाले हैं।

त्योहारों के दौरान आमतौर पर शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामलों में वृद्धि होती है। खासकर देर रात तक चलने वाले समारोहों के समय ऐसा होता है, जिसके कारण सड़क हादसों की संख्या भी बढ़ जाती है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ऐसे हादसों को रोकने के लिए पुलिस टीम इन नए उपकरणों का उपयोग करते हुए शहर के प्रमुख स्थानों के नाकों पर जांच करेगी।’’

उन्होंने बताया कि पुराने मॉडलों के विपरीत नए ‘ब्रेथ एनालाइजर’ में 10,000 तक जांच रिकॉर्ड संग्रहित करने की क्षमता है। ये हल्के उपकरण 300 ग्राम से कम वजन के हैं और उन्नत सेंसर तथा 3.2 इंच की एलसीडी स्क्रीन से लैस हैं।

Read More यूडीएफ उम्मीदवार की घोषणा से पहले बेपोर विधानसभा में सक्रिय हुए पी.वी अनवर

अधिकारी ने बताया, ‘‘यह उपकरण करीब से हल्की सी सांस से भी शराब की मात्रा माप सकता है और मात्र 10 सेकंड में परिणाम दिखाता है, जिससे यातायात कर्मी तुरंत कार्रवाई कर सकते हैं।’’

Read More दिल्ली के विधायकों की दो से 14 फरवरी तक परमानंद अस्पताल में वार्षिक स्वास्थ्य जांच होगी

दुर्गा पूजा से लेकर साल के अंत तक आने वाले त्योहारों के बीच कोलकाता पुलिस का कहना है कि यह कदम सार्वजनिक सुरक्षा केलिए आवश्यक है।

Read More मैंने कांग्रेस छोड़ दी है : नवजोत कौर सिद्धू

संबंधित समाचार