बिजली कनेक्शन दिलाने के नाम पर 1.20 लाख की ठगी बबराला पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पीड़ित ने बताया कि करीब दो साल पहले वह बबराला क्षेत्र में एक व्यक्ति से मिला था। उक्त व्यक्ति ने स्वयं को ऊर्जा विभाग की विद्युत सौभाग्य योजना से जुड़ा कर्मचारी बताकर भरोसा जीत लिया।
नेशनल एक्सप्रेस संवाददाता, गुन्नौर/बबराला। क्षेत्र में बिजली कनेक्शन दिलाने के नाम पर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। कैला देवी थाना क्षेत्र के गांव चकरपुर मैमरी निवासी सद्दाम पुत्र शहीद अहमद ने दो वर्ष पहले 10 किलोवाट के ट्यूबवेल कनेक्शन हेतु की गई प्रक्रिया में कुल 1,20,000 की ठगी होने की शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित की तहरीर पर थाना बबराला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पीड़ित ने बताया कि करीब दो साल पहले वह बबराला क्षेत्र में एक व्यक्ति से मिला था। उक्त व्यक्ति ने स्वयं को ऊर्जा विभाग की विद्युत सौभाग्य योजना से जुड़ा कर्मचारी बताकर भरोसा जीत लिया। उसने 10 किलोवाट का ट्यूबवेल कनेक्शन तत्काल दिलाने का आश्वासन देते हुए कुल 1.20 लाख रुपए ऐंठ लिए।
सद्दाम के मुताबिक रकम देने के बाद आरोपी ने केवल 2 किलोवाट का फर्जी कनेक्शन जारी कर दिया जिसे वह मूल योजना का हिस्सा बताकर लगातार गुमराह करता रहा। जब पीड़ित को संदेह हुआ और उसने पैसे वापस मांगने शुरू किए तो आरोपी ने टालमटोल करना शुरू कर दिया।
बाद में बात बढ़ने पर उसने धमकी दी और अभद्रता करते हुए साफ कह दिया कि न तो पैसे लौटाएगा और न ही सही कनेक्शन मिलेगा। काफी समय बीत जाने और कार्रवाई न होने के बाद सद्दाम ने मामला पुलिस अधीक्षक सम्भल को लिखित शिकायत के माध्यम से अवगत कराया। शिकायत पर गंभीरता दिखाते हुए एसपी ने तत्काल जांच के आदेश दिए जिसके बाद थाना बबराला पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध धोखाधड़ी की धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक ब्रजपाल सिंह को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि दस्तावेजों की जांच, लेन–देन के साक्ष्य, और विद्युत संबंधी रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। आरोपित की भूमिका स्पष्ट होते ही आगे की कार्रवाई तेज की जाएगी। इस घटना से ग्रामीण क्षेत्र में ऊर्जा विभाग के नाम पर होने वाली ठगी को लेकर लोगों में आक्रोश और चिंता दोनों है। ग्रामीणों ने मांग की है कि ऐसी घटनाओं में लिप्त फर्जी दलालों पर सख्त कार्रवाई हो ताकि दूसरे लोग इस प्रकार की ठगी का शिकार न हों।

