ईद पर एक साथ सिर झुका कर देश अमन की मांगी दुआ
शनिवार को जनपद ईद-उल-फितर का त्योहार पारंपरिक उल्लास, और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया।
नेशनल एक्सप्रेस ब्यूरो, फिरोजाबाद। शनिवार को जनपद ईद-उल-फितर का त्योहार पारंपरिक उल्लास, और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। शहर के प्रमुख नमाज स्थानों - गांधी पार्क और इस्लामिया मैदान में सुबह से ही नमाजियों का तांता लगा रहा। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक साथ सिर झुकाया और देश में अमन, खुशहाली व तरक्की के लिए विशेष दुआएं मांगीं। वहीं बता दें कि निर्धारित समय पर ईदगाहों और मैदानों में नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
नमाज होने के बाद छोटे-बड़े, सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई दी। बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया, जो रंग-बिरंगे कपड़ों में ईद का आनंद लेते नजर आए। यह दृश्य गंगा-जमुनी तहजीब और अटूट भाईचारे की मिसाल पेश कर रहा था। वहीं ईद के संवेदनशील और महत्वपूर्ण पर्व को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। जिलाधिकारी रमेश रंजन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने स्वयं मोर्चा संभाला।
अधिकारियों ने नगर आयुक्त और अपर जिलाधिकारी के साथ गांधी पार्क, इस्लामिया मैदान और अन्य संवेदनशील इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं और नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया।वहीं सुरक्षा की दृष्टि से नमाज स्थलों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। सड़कों पर सुचारू यातायात के लिए रूट डायवर्जन लागू रहा, ताकि नमाजियों को कोई असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने सफल आयोजन के लिए नगर निगम और पुलिस प्रशासन की टीम को बधाई दी।देर शाम तक शहर के बाजारों और मोहल्लों में ईद की रौनक छाईरही।

