उप्र : जयंत चौधरी ने राष्ट्रीय जम्बूरी में मेजर ध्यानचंद एडवेंचर विलेज का किया उद्घाटन
केंद्रीय कौशल विकास तथा उद्यमिता एवं शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने लखनऊ में आयोजित भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की 19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी के अवसर पर मेजर ध्यानचंद एडवेंचर विलेज का उद्घाटन किया।
लखनऊ, भाषा। चौधरी ने मेजर ध्यानचंद एडवेंचर विलेज का उद्घाटन करने के बाद अपने संबोधन में कहा कि एडवेंचर स्पोर्ट्स केवल रोमांच ही नहीं, बल्कि युवाओं में निर्णायक क्षमता, टीमवर्क और नेतृत्व का महत्वपूर्ण गुण विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा, "स्काउट्स एवं गाइड्स की यह जम्बूरी एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को मजबूत करती है और देशभर के युवाओं को एक मंच पर जोड़ती है।
उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामनना की।" बाद में चौधरी मोहनलालगंज में स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पहुंचे। उन्होंने आईटीआई के छात्र-छात्राओं से मुलाकात की और कहा कि आईटीआई के छात्र-छात्राओं में भरपूर हुनर है और उनकी रोजगार पाने की क्षमता को और सशक्त बनाने के लिए आधुनिक प्रशिक्षण, उद्योग सहभागिता और लाइफ स्किल्स को प्राथमिकता दी जा रही है।

