रोड सेफ्टी अभियान : सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए किया जागरुक 

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

शुक्रवार को राजकीय महाविद्यालय भोजपुर में रोड सेफ्टी क्लब के तत्वावधान में सड़क सुरक्षा विषयक एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

नेशनल एक्सप्रेस, मुरादाबाद (फहीम अंसारी)। शुक्रवार को राजकीय महाविद्यालय भोजपुर में रोड सेफ्टी क्लब के तत्वावधान में सड़क सुरक्षा विषयक एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को यातायात नियमों के प्रति सजग, जिम्मेदार एवं संवेदनशील बनाना था।

कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की अवस्था में वाहन न चलाने तथा मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन संचालन न करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष प्रकाश डाला। साथ ही यह भी बताया गया कि यातायात नियमों का पालन केवल व्यक्तिगत सुरक्षा ही नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व भी है।

कार्यक्रम का कुशल संचालन ज्ञानेंद्र सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में सड़क सुरक्षा को जन-आंदोलन बनाने की आवश्यकता पर बल दिया तथा सभी से यातायात नियमों का पालन करने की शपथ लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नरेश कुमार द्वारा की गई। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि युवा वर्ग राष्ट्र की धुरी है और यदि छात्र-छात्राएं स्वयं जागरूक होंगे तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन स्वतः परिलक्षित होगा।

कार्यक्रम के अंत में सुश्री मधु त्यागी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए समस्त उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता व्यक्त की। यह जागरूकता कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक रहा, जिसने उपस्थित जनसमूह को सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीरता से विचार करने हेतु प्रेरित किया।

Read More संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता ने की फांसी लगाकर आत्महत्या , मायका पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

संबंधित समाचार