कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने महिला क्रिकेट विश्व कप जीतने के लिए भारतीय टीम को बधाई दी
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को विश्व कप जीतकर इतिहास रचने पर बधाई दी।
बेंगलुरु, भाषा। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को विश्व कप जीतकर इतिहास रचने पर बधाई दी और इस उपलब्धि को देश के लिए “गौरवपूर्ण व प्रेरणादायक क्षण” बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय टीम की यह जीत उनके कौशल, जुनून और दृढ़ता का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मिसाल कायम की है। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने असाधारण कौशल, जुनून और दृढ़ता का प्रदर्शन करते हुए विश्व कप जीतकर इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया है।
हमारी अद्भुत विश्व चैंपियन टीम को हार्दिक बधाई!” भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने नवी मुंबई में रविवार को दक्षिण अफ्रीका पर 52 रन से जीत दर्ज कर पहली बार विश्व कप का खिताब अपने नाम किया।

