कक्षा आठ की छात्रा ‘एक दिन की थानाध्यक्ष’, मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत मिला अनूठा अवसर
मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत बालिकाओं को आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता से सशक्त बनाने की दिशा में शनिवार को थाना क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में एक अनूठा आयोजन किया गया।
बछरायूं (संवाददाता)। मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत बालिकाओं को आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता से सशक्त बनाने की दिशा में शनिवार को थाना क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में एक अनूठा आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की कक्षा आठवीं की छात्रा दिया को “एक दिन का थानाध्यक्ष” बनाया गया।
थाना बछरायूं पहुंचते ही दिया ने गर्व के साथ थानाध्यक्ष की कुर्सी संभाली और थाना स्तर पर होने वाले विभिन्न कार्यों का अवलोकन किया। शिकायत प्रबंधन प्रणाली, महिला सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाएँ तथा पुलिस द्वारा किए जाने वाले दैनिक कार्यों को समझते हुए उसने बारीकी से निरीक्षण किया।
यही नहीं, थानाध्यक्ष की भूमिका निभाते हुए दिया ने सड़क दुर्घटना से संबंधित एक अभियोग दर्ज कराने के साथ आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान थाना स्टाफ, विद्यालय की प्रधानाचार्या, शिक्षिकाएँ तथा बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं।
छात्राओं ने इस अनूठी पहल की जमकर सराहना की और कहा कि इससे उन्हें नई ऊर्जा और आत्मविश्वास मिला है। विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्या ने भी इस प्रयास को सराहते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बालिकाओं के उत्साह व आत्मबल को नई ऊँचाई मिलेगी।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करना, समाज में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ाना और बेटियों को यह विश्वास दिलाना है कि वे किसी भी जिम्मेदारी को बखूबी निभा सकती हैं।

