डीएम का विदाई समारोह कार्यक्रम आयोजित, कार्यकाल को सराहते हुए दी विदाई
निवर्तमान जिलाधिकारी रामपुर का विदाई समारोह कार्यक्रम, स्थानांतरण सेवाकाल की एक स्वाभाविक प्रशासनिक प्रक्रिया है।
नेशनल एक्सप्रेस, रामपुर (फहीम अंसारी)। निवर्तमान जिलाधिकारी रामपुर का विदाई समारोह कार्यक्रम, स्थानांतरण सेवाकाल की एक स्वाभाविक प्रशासनिक प्रक्रिया है। किंतु जनहित एवं शासकीय हित में किये गए कार्य सदैव स्मरणीय रहते हैं। 28 अक्टूबर को जोगिन्दर सिंह, जिलाधिकारी रामपुर, का स्थानांतरण विशेष सचिव, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के पद पर होने के फलस्वरूप कलेक्ट्रेट सभागार में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जनपदीय अधिकारियों, कलेक्ट्रेट कर्मचारियों, जनपद न्यायाधीश, एवं पुलिस अधीक्षक रामपुर सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। निवर्तमान जिलाधिकारी के सम्मान में पुलिस अधीक्षक रामपुर, जनपद न्यायाधीश, एवं कलेक्ट्रेट कर्मचारियों द्वारा पृथक-पृथक विदाई समारोहों का आयोजन ससम्मान संपन्न किया गया।
सभी ने जोगिन्दर सिंह की प्रभावी नेतृत्व क्षमता, जनसेवा के प्रति उनकी संवेदनशीलता, तथा विकासोन्मुख एवं पारदर्शी कार्यशैली की सराहना की। उनके कार्यकाल को जनपद में सुशासन, प्रशासनिक अनुशासन एवं जनहितपरक दृष्टिकोण की मिसाल के रूप में स्मरण किया गया। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं नव दायित्वों में सतत सफलता की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

