ट्रांसफार्मर की समस्या को लेकर किसानों में आक्रोष, एक्सईएन कार्यालय का किया घेराव
तहसील सिरसागंज के अंतर्गत आने वाले गाँव सोनपाल की ठार में पिछले कई दिनों से ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं।
नेशनल एक्सप्रेस, सिरसागंज। तहसील सिरसागंज के अंतर्गत आने वाले गाँव सोनपाल की ठार में पिछले कई दिनों से ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। बार-बार शिकायत के बाद भी जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो ग्रामीण में आक्रोश पैदा हो गया। सोमवार को भारी संख्या में महिलाओं और किसानों ने भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के जिला प्रभारी अंशुमन सिंह के नेतृत्व में शिकोहाबाद नौशहरा स्थित एक्सईएन कार्यालय का घेराव किया।
गाँव की महिलाओं ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए कि जब वे अपनी समस्या लेकर कार्यालय आती हैं, तो अधिकारी उनके साथ अभद्रता करते हैं और कोई बात नहीं सुनते हैं। हंगामा घेराव और तालाबंदी की सूचना मिलते ही विभाग में हड़कंप मच गया। एक्सईएन शिकोहाबाद ने मौके पर पहुँचकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगले 3 दिनों के भीतर ट्रांसफार्मर की समस्या का स्थाई समाधान कर दिया जाएगा।
इस आश्वासन के बाद किसानों ने फिलहाल अपना धरना समाप्त किया। जिला प्रभारी अंशुमन सिंह ने कहा कि यदि 3 दिन में ग्रामीणों की मांग पूरी नहीं हुई, तो किसान व ग्रामीण चुप नही बैठेंगे। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक यादव , प्रदेश सचिव अजीत यादव, आकाश यादव, अनुज, अंकित, रॉकी, बांके समेत भारी संख्या में ग्रामीण और किसान मौजूद रहे।

