लेबर कॉलोनी में विवाद ने लिया हिंसक रूप, तमंचा लहराने का वीडियो वायरल
लाइनपार क्षेत्र की लेबर कॉलोनी में दो पक्षों के बीच मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद। लाइनपार क्षेत्र की लेबर कॉलोनी में दो पक्षों के बीच मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना के दौरान तमंचा लहराने का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया।लाइनपार स्थित लेबर कॉलोनी में उस समय अफरातफरी मच गई जब दो पक्षों के बीच विवाद अचानक हिंसक हो गया।
बताया जा रहा है कि लेबर कॉलोनी निवासी फरमान खान और सुहागनगर के योगेश यादव के बीच फोन पर कहासुनी हुई थी, जो धीरे-धीरे गंभीर विवाद में बदल गई। विवाद बढ़ने पर योगेश यादव अपने साथियों प्रतीक यादव और यश यादव के साथ मौके पर पहुंच गया, वहीं फरमान खान भी अपने भाई अमन खान के साथ रामलीला मैदान आ गया। दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी बहस हुई, जो जल्द ही मारपीट में तब्दील हो गई।
स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब दोनों तरफ से पत्थरबाजी शुरू हो गई। इसी दौरान अमन खान ने तमंचा निकालकर लहराना शुरू कर दिया और धमकी दी। हालांकि, मौके पर मौजूद दूसरे पक्ष के प्रतीक यादव ने तमंचा छीन लिया।घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।
पुलिस की कार्रवाई
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों पक्षों के पांच आरोपियों—अमन खान, फरमान खान, योगेश यादव, प्रतीक यादव और यश यादव—को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष रमित आर्या के अनुसार, अमन खान के पास से तमंचा बरामद हुआ है, जिसके आधार पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, अन्य चार आरोपियों के खिलाफ शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने की बात कही है।

