नेपाल जैसी घटनाएं भारत में नहीं हो सकतीं : किरेन रीजीजू

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा कि नेपाल जैसी घटनाएं भारत में नहीं हो सकतीं क्योंकि देश का चरित्र और संविधान दुनिया से बहुत अलग और सुंदर है।

देहरादून, भाषा। केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा कि नेपाल जैसी घटनाएं भारत में नहीं हो सकतीं क्योंकि देश का चरित्र और संविधान दुनिया से बहुत अलग और सुंदर है। यहां ‘स्पर्श हिमालय महोत्सव 2025’ में शामिल हुए केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री रीजीजू ने सोमवार को अपने संबोधन में कहा कि सोवियत संघ जैसे दुनिया के कई राष्ट्र बिखर गए जबकि “हमारे पड़ोसी देशों-नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका में भी कई समस्याएं देखने को मिलीं।”

उन्होंने कहा, “जो लोग भारत को ठीक से नहीं समझते, वे कहते हैं कि हमारे देश में भी ऐसा तख्ता पलट हो सकता है, सैन्य शासन आ सकता है, जन विद्रोह हो सकता है, लेकिन मैं बहुत निश्चिंत हूं कि ऐसी घटनाएं भारत में कभी नहीं हो सकती।” रीजीजू ने कहा कि मूल रूप से इसके दो कारण हैं-पहला, भारत का चरित्र दुनिया से बहुत अलग है जहां नियम मानने वाले धार्मिक लोग रहते हैं और दूसरा, हर विषय पर लंबी चर्चा के बाद दो साल 11 महीने में तैयार किया गया देश का संविधान बहुत सुंदर है।

उन्होंने कहा, “हमारी विरासत, हमारी पृष्ठभूमि, हम भारतीय दुनिया के बाकी देशों के लोगों से अलग हैं। यह देश कभी टूट नहीं सकता, बिखर नहीं सकता। व्यवस्था ऐसी बनी हुई है कि दुनिया में कुछ भी हो जाएगा, पर भारत हमेशा बचा रहेगा।” रीजीजू ने लोगों से कहा कि इसलिए सोशल मीडिया पर चल रहे विमर्श पर चिंता नहीं करनी चाहिए और बस 'अलर्ट' रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सबको यह विदित है कि बरसों से देश के भीतर और बाहर कुछ बड़ी ताकतें भारत को अस्थिर करने के प्रयासों में लगी हुई हैं और उनकी पूरी विचारधारा, उनका विमर्श और उनका तंत्र निरंतर इस दिशा में कार्यरत है कि भारत की हर उपलब्धि को नकारात्मक रूप में प्रस्तुत किया जाए, उसके राष्ट्रीय चरित्र को आघात पहुंचे और उसकी आध्यात्मिक तथा सांस्कृतिक पहचान को नष्ट किया जा सके।

Read More ओडिशा सरकार और एनआईईपीआईडी के बीच समझौता, दिव्यांग बच्चों की शिक्षा में होगा सुधार

संबंधित समाचार