हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया लाइनमैन, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर
महानगर में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने हड़कंप मचा दिया।
नेशनल एक्सप्रेस ब्यूरो, मुरादाबाद। महानगर में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने हड़कंप मचा दिया। असालतपुरा इस्माइल रोड स्थित इलाके में बिजली विभाग का लाइनमैन सलीम काम के दौरान 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। हादसे में सलीम गंभीर रूप से झुलस गया। जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों और सहकर्मियों ने तुरंत उसे जिला अस्पताल मुरादाबाद पहुंचाया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे टीएमयू तेरछा मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर कर दिया। वहां जांच के दौरान पता चला कि करंट लगने से सलीम का एक हाथ बुरी तरह से झुलस गया है। जिसके कारण उसे काटने की नौबत आ गई है। स्थिति बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए दिल्ली रेफर कर दिया। फिलहाल सलीम की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग में अफरा-तफरी मच गई।
सहकर्मियों और परिवारजनों में भारी चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से इस तरह के हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने की मांग की है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि बिजली विभाग के फी। कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर क्या पर्याप्त इंतज़ाम किए जा रहे हैं या नहीं।

