हेलीकॉप्टर से ससुराल भेजी बेटी, विदाई देने के लिए उमड़ा पूरा भरौल गांव
थाना अरांव क्षेत्र के गांव भरौल में एक पिता ने अपनी इकलौती बेटी को हेलीकॉप्टर से ससुराल भेजा , हेलीकॉप्टर में बेटी की विदाई देखने के लिए पूरा गांव उमड़ पड़ा।
नेशनल एक्सप्रेस, सिरसागंज। थाना अरांव क्षेत्र के गांव भरौल में एक पिता ने अपनी इकलौती बेटी को हेलीकॉप्टर से ससुराल भेजा , हेलीकॉप्टर में बेटी की विदाई देखने के लिए पूरा गांव उमड़ पड़ा और बेटी की हेलीकॉप्टर से विदाई की । भरौल गांव के रहने वाले अरविंद कुमार ने अपनी इकलौती बेटी ज्योति की शादी शिव शंकर (भोले ) पुत्र सुजान सिंह निवासी एत्मादपुर मदरा आगरा के साथ पक्की की। दुल्हा बारात लेकर गुरुवार को गांव भरौल के सैनिक पब्लिक स्कूल में पहुंचे, जहां धूमधाम से शादी संपन्न हुई।
विवाह के बाद शुक्रवार को हेलीकॉप्टर में बेटी ज्योति की विदाई हुई। दोपहर करीब 1 बजे हेलीकॉप्टर गांव भरौल में बने हेलीपेड पर उतरा, जिसमें बेटी ज्योति अपने पति शिव शंकर उर्फ भोले के साथ ससुराल के लिए रवाना गई। हेलीकॉप्टर में बेटी की विदाई के लिए पूरा भरौल गांव उमड़ पड़ा।
बेटी के पिता अरविंद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि वह भरौल में सैनिक पब्लिक स्कूल चलाते हैं। इकलौती बेटी की शादी को यादगार बनाने के लिए उन्होंने खुद अपने खर्चे पर हेलीकॉप्टर को बुक किया और अपनी बेटी ज्योति को हेलीकॉप्टर से ससुराल भेजा है।

