सड़क सुरक्षा केवल एक अभियान नही बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है : प्राचार्य डाॅ. नरेश 

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

शुक्रवार को राजकीय महाविद्यालय भोजपुर में पूरे प्रदेश में मनाए जा रहे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत एक सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

नेशनल एक्सप्रेस, मुरादाबाद (फहीम अंसारी)। शुक्रवार को राजकीय महाविद्यालय भोजपुर में पूरे प्रदेश में मनाए जा रहे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत एक सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना था। कार्यक्रम के अंतर्गत एन.एस.एस. रोवर्स,रेंजर्स एवं सड़क सुरक्षा क्लब से जुड़े छात्र-छात्राओं द्वारा एक जागरूकता रैली निकाली गई।

रैली का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नरेश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर आस-पास के क्षेत्र में निकाली गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने हेलमेट पहनें, जीवन बचाएं, सीट बेल्ट लगाएं, सुरक्षित रहें, यातायात नियमों का पालन करें जैसे नारों के माध्यम से आम जनमानस को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने वाहन चालकों को वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी।

विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने, तेज गति से वाहन न चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की अपील की गई। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों द्वारा सड़क सुरक्षा संबंधी शपथ भी ली गई।

शपथ के माध्यम से सभी ने यह संकल्प लिया कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करेंगे, दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे तथा सड़क पर सुरक्षित व्यवहार अपनाकर दुर्घटनाओं को रोकने में अपना योगदान देंगे। प्राचार्य डॉ. नरेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक अभियान नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

Read More नगला कांस में जमकर चले लाठी-डंडे, 13 लोग हुए घायल

 यदि सभी लोग नियमों का ईमानदारी से पालन करें तो सड़क दुर्घटनाओं में निश्चित रूप से कमी लाई जा सकती है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं उदाहरण बनकर समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाएं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में एन.एस.एस.,रोवर्स,रेंजर्स, सड़क सुरक्षा क्लब के समस्त सदस्यों तथा महाविद्यालय परिवार का सक्रिय सहयोग रहा। कार्यक्रम का समापन सड़क सुरक्षा के संदेश के साथ किया।

Read More विश्व कल्याण आत्मक 1108 कुण्डीय मृत्युंजय मां पीतांबरा महायज्ञ आयोजन का हुआ शंखनाद 

संबंधित समाचार