जिलाधिकारी ने तहसील रसूलाबाद श्री धर्मगढ़ बाबा मंदिर का दौरा कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा तहसील रसूलाबाद अंतर्गत स्थित श्री धर्मगढ़ बाबा सत्संग मंडल मंदिर का दौरा किया गया।
कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा तहसील रसूलाबाद अंतर्गत स्थित श्री धर्मगढ़ बाबा सत्संग मंडल मंदिर का दौरा किया गया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने धर्मगढ़ बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना कर जनकल्याण की कामना की। इसके उपरांत उन्होंने मंदिर परिसर में चल रही भागवत कथा में भी प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित महिलाओं को नवरात्र की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं तथा उनसे अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि नवरात्र जैसे पावन पर्व पर धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज में स्वास्थ्य और जागरूकता का संदेश भी प्रसारित होना चाहिए। इससे पूर्व जिलाधिकारी ने तहसील रसूलाबाद पहुंचकर अधिकारियों के साथ बैठक की और राजस्व व विकास कार्यों से संबंधित आवश्यक सूचनाएं प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने सभी अधिकारियों को शासन की योजनाओं एवं जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए तत्पर रहने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी रसूलाबाद सर्वेश कुमार, तहसीलदार सहित तहसील प्रशासन के अधिकारीगण, संबंधित विभागों के कर्मचारी, श्रद्धालु एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

