अटल पार्क की करोड़ों की भूलभुलैया अब तक बंद
अक्टूबर महीने में उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने अटल पार्क में बनी भूलभुलैया का शिलान्यास किया था।
नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद (मनीष राजपूत)। अक्टूबर महीने में उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने अटल पार्क में बनी भूलभुलैया का शिलान्यास किया था। लेकिन शिलान्यास हुए महीनों बीत जाने के बावजूद अब तक यह भूलभुलैया आम लोगों के लिए शुरू नहीं हो सकी है। नगर निगम द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से बनाई गई यह भूलभुलैया फिलहाल बंद पड़ी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार और निगम ने जनता के मनोरंजन के लिए भव्य भूलभुलैया तो बनवाई, लेकिन उसे शुरू न किए जाने से लोगों में नाराजगी है। पार्क में टहलने आने वाले लोगों का कहना है कि जब इतना खर्च किया गया तो इसका लाभ जनता को मिलना चाहिए। आखिर भूलभुलैया अब तक बंद क्यों है? यह सवाल अब शहरवासियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

