दहेज में तीन लाख और ऑटो की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की हत्या के आरोपी पति-पत्नी को किया गिरफ्तार

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

जनपद के थाना गलशहीद क्षेत्र में दहेज हत्या का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है।

नेशनल एक्सप्रेस, मुरादाबाद (अरशद)। जनपद के थाना गलशहीद क्षेत्र में दहेज हत्या का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। वादिनी द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, उसकी पुत्री की शादी कुछ समय पहले गलशहीद थाना क्षेत्र के एक युवक से हुई थी। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग तीन लाख रुपये नकद और एक ऑटो रिक्शा की मांग कर रहे थे।वादिनी ने बताया कि आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह यह मांग पूरी नहीं कर सकी।

इसके चलते ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी पुत्री को लगातार प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की गले में दुपट्टे का फंदा लगाकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद थाना गलशहीद पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए दो आरोपितों जहीर पुत्र अमीर और उसकी पत्नी सादमा, निवासी महेंदी का तिराहा, असालतपुरा, थाना गलशहीद, जनपद मुरादाबाद को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और मामले की गहराई से जांच जारी है। वहीं, मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि विवाहिता को लंबे समय से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति न हो। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच टीम गठित करने के निर्देश दिए हैं।

संबंधित समाचार