ठेका सफाई कर्मचारियों ने वेतन भुगतान को लेकर लोगों ने जताई नाराज़गी
वार्ता के दौरान अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी ठेका सफाई कर्मचारियों का बकाया वेतन 15 अक्टूबर 2025 तक कर्मचारियों के खातों में भेज दिया जाएगा।
नेशनल एक्सप्रेस ब्यूरो, फिरोजाबाद (मनीष राजपूत)। नगर निगम फिरोजाबाद में कार्यरत आउटसोर्सिंग ठेका सफाई कर्मचारियों को सितम्बर माह का वेतन अब तक न मिलने से कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। इस संबंध में उत्तर प्रदेशीय ठेका सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने सोमवार को नगर निगम परिसर में बैठक कर वेतन भुगतान की मांग उठाई।
संघ के प्रदेश महामंत्री आचार्य कृष्ण मुरारी, नगर अध्यक्ष सोनू चौहान, प्रदेश उपाध्यक्ष विजय गौतम, नगर महामंत्री पवनदीप चौहान सहित अन्य पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त व संबंधित अधिकारियों से वार्ता की।
वार्ता के दौरान अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी ठेका सफाई कर्मचारियों का बकाया वेतन 15 अक्टूबर 2025 तक कर्मचारियों के खातों में भेज दिया जाएगा। संघ पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय तक भुगतान नहीं हुआ तो कर्मचारी आंदोलन की रूपरेखा तय करेंगे।
प्रदेश महामंत्री आचार्य कृष्ण मुरारी ने कहा कि सफाई कर्मचारी नगर निगम की रीढ़ हैं। समय पर वेतन न मिलना उनके परिवारों के लिए गंभीर समस्या बन जाता है। संगठन का उद्देश्य कर्मचारियों को उनका हक दिलाना और प्रशासन से सामंजस्य बनाकर समस्याओं का समाधान करना है।
संघ के नगर अध्यक्ष सोनू चौहान ने बताया कि संगठन एकजुट है और हर स्तर पर कर्मचारियों की आवाज़ उठाई जाएगी। अधिकारियों से सकारात्मक वार्ता के बाद कर्मचारियों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही वेतन उनके खातों में पहुंच जाएगा।

