फिरोजाबाद में मंत्री के काफिले में मचा हड़कंप, गाड़ियां आपस में भिड़ीं, बड़ा हादसा टला
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री डॉ. जयवीर सिंह के काफिले में शनिवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
नेशनल एक्सप्रेस, फिरोजाबाद। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री डॉ. जयवीर सिंह के काफिले में शनिवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जलेसर रोड सर्विस रोड पर बछगांव के पास काफिले में चल रही भाजपा कार्यकर्ताओं की करीब आधा दर्जन गाड़ियां आपस में टकरा गईं। आपस में गाड़ियों के भिड़ने का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काफिला तेज रफ्तार में था कि अचानक आगे चल रही एक गाड़ी ने ब्रेक लगा दी। पीछे चल रहे चालकों को संभलने का मौका नहीं मिला और देखते ही देखते कई वाहन एक-दूसरे में जा भिड़े। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई गाड़ियों के फ्रंट हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए सर्विस रोड पर अफरा-तफरी और जाम की स्थिति बन गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। सौभाग्य से कोई घायल नहीं हुआ।
मंत्री का काफिला बछगांव स्थित शिव मंदिर (शिव गुफा) के लोकार्पण कार्यक्रम के लिए जा रहा था। हादसे के बावजूद सभी कार्यकर्ता सुरक्षित रूप से कार्यक्रम स्थल पहुंच गए और आयोजन समय पर सम्पन्न हुआ।

