कुंदरकी स्थित कस्तूरबा विद्यालय में निर्माण कार्य मिला बंद, सीडीओ ने कार्यदाई संस्था को दिया स्पष्टीकरण नोटिस
कुलवाड़ा और भीकनपुर स्थित प्राथमिक विद्यालयों का भी किया निरीक्षण,साफ सफाई दुरुस्त कराने के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय कुंदरकी, प्राथमिक विद्यालय भीकनपुर, प्राथमिक विद्यालय कुलवाड़ा तथा आंगनबाड़ी केंद्र कुलवाड़ा का निरीक्षण किया।
नेशनल एक्सप्रेस, मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय कुंदरकी, प्राथमिक विद्यालय भीकनपुर, प्राथमिक विद्यालय कुलवाड़ा तथा आंगनबाड़ी केंद्र कुलवाड़ा का निरीक्षण किया।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पहुंचकर मुख्य विकास अधिकारी ने बालिकाओं की सुविधा, सुरक्षा और शिक्षा के लिए जरूरी संसाधनों की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। विद्यालय में बालिकाओं को एस.टी.ई.एम. शिक्षा से जोड़ने और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए लैब स्थापित की गई है। उन्होंने बालिकाओं को डिजिटल लर्निंग और प्रयोगात्मक शिक्षा से जोड़ने के संबंध में समुचित उपाय करने के निर्देश दिए। विद्यालय में अतिरिक्त डोरमेट्री, टॉयलेट ब्लॉक एवं कंप्यूटर लैब भवन का निर्माण कार्य बंद मिला, जिस पर उन्होंने कार्यदाई संस्था उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण एवं श्रम विकास सहकारी संघ लिमिटेड यू.पी.सी.एल.डी.एफ.के परियोजना प्रबंधक को स्पष्टीकरण नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मिशन शक्ति फेज- 5 के अंतर्गत चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के दृष्टिगत बालिकाओं से संवाद भी किया और उन्हें शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की जरूरतों और इनके लिए सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। भीकनपुर और कुलवाड़ा स्थित प्राथमिक विद्यालयों में पहुंचकर उन्होंने विद्यालय की भौतिक स्थिति और सौंदर्यीकरण का जायजा लिया तथा साफ सफाई बेहतर बनाए रखने के लिए निर्देशित किया।

