पुलिस ने पॉक्सो का फरार आरोपी मोहनलाल गोली लगने के बाद पकड़ा, मुठभेड़ में घायल
थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात गोलियों की आवाज़ से गूंज उठा, जब पुलिस और पॉक्सो केस में फरार चल रहे एक खतरनाक आरोपी के बीच आमने–सामने मुठभेड़ हो गई।
नेशनल एक्सप्रेस, शिकोहाबाद। थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात गोलियों की आवाज़ से गूंज उठा, जब पुलिस और पॉक्सो केस में फरार चल रहे एक खतरनाक आरोपी के बीच आमने–सामने मुठभेड़ हो गई। यह घटना मुस्तफाबाद रोड स्थित पुरातन तिराहे के पास उस समय हुई, जब पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन चेकिंग में लगी हुई थी।
सूत्रों से पुलिस को महत्वपूर्ण इनपुट मिला था कि पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की धारा 76 में लंबे समय से फरार आरोपी इसी मार्ग से गुजरने वाला है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इलाके में चौकन्नी निगाहों के साथ चारों ओर घेराबंदी कर दी।
इसी बीच एक संदिग्ध युवक को निकट आता देख पुलिस ने उसे रुकने का संकेत दिया, लेकिन युवक ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर गोलियां बरसा दीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह सड़क पर गिर पड़ा। पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहनलाल पुत्र रामप्रसाद, निवासी ग्राम विदर्खा, थाना शिकोहाबाद के रूप में हुई है। मोहनलाल 773/25 धारा 76 बीएनएस व पॉक्सो एक्ट की धारा 9एम/10 के गंभीर मामले में लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था। मुठभेड़ में घायल मोहनलाल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मौके से कब्ज़े में लिए गए हथियार के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

