आस्था सिंह बनीं “एक दिन की इंस्पेक्टर”

नेशनल एक्सप्रेस डिजिटल डेस्क
On

मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से बुधवार को थाना रसूलपुर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

फिरोजाबाद। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से बुधवार को थाना रसूलपुर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें माता प्रसाद कलावती देवी शिक्षण संस्थान की कक्षा 12 की छात्रा आस्था सिंह को “एक दिन की इंस्पेक्टर” बनने का अवसर दिया गया। थाना प्रभारी बनी आस्था सिंह ने थाने की पूरी कार्यप्रणाली को नजदीक से देखा। उन्होंने सीसीटीएनएस कक्ष, मालखाना, साइबर हेल्प डेस्क, महिला हेल्प डेस्क, मेस और बैरक का निरीक्षण किया।

इसके बाद फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समय पर निस्तारण के निर्देश दिए। आस्था ने एक हेड कांस्टेबल के अवकाश आवेदन पर निर्णय लिया और दो परिवारों के बीच सुलह कराई। थाना प्रभारी आस्था सिंह ने क्षेत्र का भ्रमण किया और वाहन चेकिंग अभियान में बिना हेलमेट चलने वालों को चेतावनी दी। 

उन्होंने कहा – “यह मेरे जीवन का गर्व और आत्मविश्वास से भरा क्षण है। भविष्य में मैं समाज की सेवा करना चाहती हूं और महिलाओं के हक व सम्मान के लिए कार्य करूंगी।” उन्होंने मिशन शक्ति के तीन प्रमुख बिंदु – नारी सुरक्षा, नारी स्वावलंबन और नारी सम्मान – को दोहराते हुए कहा कि इस तरह की पहल से छात्राओं और महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा और उन्हें समाज में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

संबंधित समाचार